ऑफिस में AC पर जंग क्यों? कोई कहे ठंड, कोई बोले गर्मी – इसके पीछे का साइंस समझिए

Why Women Feel Colder in Offices Than Men

गर्मी आते ही ऑफिसों में एक अनकहा युद्ध शुरू हो जाता है – AC का टेंपरेचर कितना रखा जाए? किसी को ठंड लगती है, तो कोई पसीना पोंछते हुए कहता है – “यार थोड़ा और ठंडा करो!” ये सिर्फ सुविधा की बात नहीं है, बल्कि शरीर, हार्मोन, उम्र और काम की प्रकृति से जुड़ा एक जटिल मामला है. अक्‍सर देखा जाता है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को ज्‍यादा ठंड लगती है.

The Conversation के एक विस्तृत विश्लेषण बताता है कि ऑफिस का सही तापमान तय करना लगभग नामुमकिन है, क्योंकि हर इंसान की बॉडी अलग तरह से तापमान को महसूस करती है.

सबसे बड़ा सवाल: महिलाओं को ज्यादा ठंड क्यों लगती है?

ये सवाल हर ऑफिस में उठता है – “उसे इतनी ठंड क्यों लग रही है?”

इसके पीछे 3 बड़े कारण हैं:

  1. मेटाबॉलिज्म (Metabolism) : महिलाओं का मेटाबॉलिज्म पुरुषों से थोड़ा धीमा होता है, मतलब शरीर कम हीट पैदा करता है. इसलिए उन्हें ठंड ज्यादा महसूस होती है.
  2. बॉडी फैट और हीट डिस्ट्रिब्यूशन : महिलाओं के शरीर में फैट का वितरण अलग होता है, इससे स्किन का तापमान ठंडा महसूस होता है. इसलिए उन्हें गर्म वातावरण ज्यादा आरामदायक लगता है.
  3. हार्मोन का खेल : टेस्टोस्टेरोन (पुरुषों में) मसल्स बढ़ाता है जिसकी वजह से भी उन्‍हें ज्यादा गर्मी महसूस होती है. वहीं महिलाओं में एस्ट्रोजन हीट को अलग तरीके से मैनेज करता हैः नतीजा – महिलाएं औसतन 1°C ज्यादा गर्म तापमान पसंद करती हैं.

आदर्श ऑफिस तापमान क्या है?

स्टडी के मुताबिक पुरुषों के लिए लगभग 23.2°C और महिलाओं के लिए लगभग 24°C को आदर्श ऑफिस टेंपरेचर माना जाता है. यानी फर्क छोटा है, लेकिन महसूस बड़ा होता है.

क्या तापमान से काम करने की क्षमता प्रभावित होती है?

हां, लेकिन हर काम में नहीं. रिसर्च कहती है कि 25°C से ज्यादा गर्मी में पुरुषों का परफॉर्मेंस गिरता है और 25°C से कम ठंड में महिलाओं का परफॉर्मेंस प्रभावित होता है. लेकिन कुछ मेंटल टास्क (जैसे लॉजिक टेस्ट) पर तापमान का असर नहीं पड़ता.

क्या AC ज्यादा ठंडा रखने से फोकस बढ़ता है?

यह एक मिथक है. 22°C से 25°C के बीच दिमाग की क्षमता में खास फर्क नहीं पाया गया. यानी “ज्यादा ठंडा का मतलब जरूरी नहीं कि ज्यादा फोकस हो.

महिलाओं की पसंद हर हफ्ते बदल सकती है! क्यों?

महिलाओं की तापमान पसंद हर हफ्ते बदल सकती है और इसके पीछे वजह सिर्फ मूड नहीं, बल्कि शरीर के अंदर होने वाले हार्मोनल बदलाव हैं. मेंस्ट्रुअल साइकिल का इस पर बड़ा असर पड़ता है. ओव्यूलेशन के बाद शरीर का कोर टेम्परेचर हल्का बढ़ जाता है, जिससे बाहर का वातावरण ज्यादा ठंडा महसूस होने लगता है. यही कारण है कि एक ही महिला एक हफ्ते AC को ज्यादा ठंडा महसूस कर सकती है, जबकि अगले हफ्ते वही तापमान उसे ठीक लग सकता है.

सिर्फ जेंडर ही नहीं, बल्कि उम्र, शरीर की बनावट और लाइफस्टाइल जैसे कई फैक्टर भी तय करते हैं कि किसी व्यक्ति को ठंड ज्यादा लगेगी या गर्मी. जिन लोगों की बॉडी में मसल्स ज्यादा होते हैं, उनका शरीर ज्यादा हीट जनरेट करता है, इसलिए उन्हें ठंड कम महसूस होती है. वहीं उम्र बढ़ने के साथ शरीर की तापमान नियंत्रित करने की क्षमता थोड़ी कमजोर हो जाती है, जबकि बच्चे आमतौर पर ठंड को कम महसूस करते हैं.

वजन भी इसमें अहम भूमिका निभाता है. जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है, वे आमतौर पर ठंडा माहौल ज्यादा पसंद करते हैं. इसके अलावा, काम का प्रकार भी असर डालता है – जो लोग दिनभर एक्टिव रहते हैं या ज्यादा मूव करते हैं, उनके शरीर में गर्मी बनी रहती है, जबकि लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों को जल्दी ठंड लग सकती है. ड्रेस कोड भी एक बड़ा फैक्टर है. फॉर्मल कपड़े, जैसे सूट या भारी कपड़े, शरीर को ज्यादा गर्म रखते हैं, जबकि हल्के कपड़े पहनने वाले लोगों को ठंड ज्यादा महसूस होती है.

क्या संस्कृति और आदतें भी असर डालती हैं?

हां, और काफी ज्यादा. जो लोग गर्म देशों में बड़े हुए हैं वो गर्मी में आराम से रह सकते हैं वहीं ठंडे इलाकों के लोग ठंड सहन करने में बेहतर होते हैं. एक स्टडी के अनुसार एशियाई लोग यूरोपियन लोगों से 5°C ज्यादा गर्म तापमान में आरामदायक महसूस करते हैं.

AC का पर्यावरण पर क्या असर है?

ये सिर्फ आराम की बात नहीं, बड़ी एनर्जी खपत भी है. ऑफिस में 40–70% एनर्जी AC पर खर्च होती है. हर 1°C कम करने पर 5–10% ज्यादा बिजली खर्च होती है. यानी बहुत ज्यादा ठंडा AC ज्यादा बिजली खर्च करता है जिसका पर्यावरण पर भी असर होना स्‍वाभाविक है.

तो क्या सही तापमान कभी तय हो सकता है?

तो क्या ऑफिस के लिए कोई “परफेक्ट” तापमान तय किया जा सकता है? सीधा जवाब है – नहीं. वजह साफ है: हर इंसान का शरीर अलग होता है और तापमान को लेकर उसकी प्रतिक्रिया भी अलग होती है. ऐसे में एक ही सेटिंग से सबको खुश करना लगभग नामुमकिन है. इसलिए असली समाधान किसी एक नंबर में नहीं, बल्कि समझदारी और मैनेजमेंट में छिपा है.

सबसे जरूरी चीज है बातचीत. टीम के भीतर खुलकर बात होनी चाहिए – अगर किसी को ठंड लग रही है या ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है, तो उसे कहना बिल्कुल ठीक है. अक्सर लोग सोचते हैं कि ये छोटी बात है, लेकिन यही छोटी चीजें काम के माहौल को प्रभावित करती हैं. इसके साथ ही AC सिस्टम को थोड़ा फ्लेक्सिबल रखना चाहिए, यानी तापमान को समय-समय पर हल्का-फुल्का एडजस्ट किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग कंफर्टेबल रह सकें.

व्यक्तिगत स्तर पर भी छोटे-छोटे समाधान काम आते हैं. जैसे किसी को ठंड ज्यादा लगती है तो वह हल्की जैकेट पहन सकता है, वहीं जिसे गर्मी लगती है वह डेस्क फैन या हल्के कपड़ों का सहारा ले सकता है. यहां मैनेजमेंट की भूमिका भी अहम हो जाती है – उन्हें सभी कर्मचारियों की जरूरतों को समझते हुए एक बैलेंस बनाने की कोशिश करनी चाहिए, न कि सिर्फ एक तय तापमान पर अड़े रहना चाहिए.

आखिर में बात साफ है – ऑफिस का तापमान सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि साइंस, शरीर और आदतों का मिश्रण है. इसलिए अगली बार अगर कोई कहे “बहुत ठंड है” या “बहुत गर्मी है”, तो उसे नजरअंदाज मत कीजिए। उसके पीछे सिर्फ शिकायत नहीं, बल्कि पूरा वैज्ञानिक कारण काम कर रहा होता है.