ओपन रिलेशनशिप: प्यार, आज़ादी या कन्फ्यूजन? शहाना गोस्वामी के बयान से उठे बड़े सवाल

Shahana Goswami

रिश्तों की दुनिया तेजी से बदल रही है. जहां कभी “एक रिश्ता, एक पार्टनर” ही प्यार का सबसे मजबूत मॉडल माना जाता था, वहीं अब नई पीढ़ी रिश्तों को अपने तरीके से परिभाषित कर रही है. हाल ही में अभिनेत्री शहाना गोस्वामी के बयान ने इस बहस को फिर से हवा दे दी है. उन्होंने साफ कहा कि उनकी ज़िंदगी में कोई “एक” पार्टनर नहीं है, बल्कि कई रिश्ते हैं – जो दोस्ती, प्यार और कनेक्शन पर आधारित हैं. उनका कहना है कि उनके लिए “लव एंड फ्रेंडशिप” ही बेसलाइन है.

यह बयान सिर्फ एक सेलिब्रिटी का निजी विचार नहीं है, बल्कि उस बदलते सामाजिक ट्रेंड की झलक है, जहां ओपन रिलेशनशिप जैसे कॉन्सेप्ट तेजी से चर्चा में आ रहे हैं.

क्या है ओपन रिलेशनशिप?

ओपन रिलेशनशिप को समझने के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि यह पारंपरिक रिश्तों से कैसे अलग है. Brides.com की मानें तो, ओपन रिलेशनशिप एक ऐसा रिश्ता होता है जिसमें दोनों पार्टनर एक-दूसरे की जानकारी और सहमति से बाहर भी रोमांटिक या फिजिकल कनेक्शन बना सकते हैं. यहां सबसे अहम चीज़ होती है – ट्रांसपेरेंसी (पारदर्शिता) और कंसेंट (सहमति). यानी कोई भी चीज़ छिपी हुई नहीं होती.

शहाना गोस्वामी का नजरिया: “प्यार बांटा जा सकता है”

शहाना का मानना है कि प्यार सीमित नहीं होता. उन्होंने कहा कि उनके जीवन में कई लोग हैं जिनके साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है. ये रिश्ते कैजुअल नहीं हैं, बल्कि लंबे समय से बने हुए हैं. उनके मुताबिक रिश्ते किसी एक फॉर्म में बंधे होने जरूरी नहीं, दोस्ती और प्यार का मिश्रण भी एक रिश्ता हो सकता है. फिजिकल कनेक्शन जरूरी नहीं, लेकिन संभव है और सबसे जरूरी है ईमानदारी. उनका यह नजरिया उस सोच को चुनौती देता है, जिसमें रिश्ते को सिर्फ शादी या एक्सक्लूसिव पार्टनरशिप के रूप में देखा जाता है.

ओपन vs क्लोज्ड रिलेशनशिप: फर्क समझिए

क्लोज्ड रिलेशनशिप (Monogamy)

  • एक ही पार्टनर के साथ भावनात्मक और शारीरिक जुड़ाव
  • समाज में सबसे सामान्य मॉडल
  • स्थिरता और सुरक्षा का अहसास

ओपन रिलेशनशिप

  • एक मुख्य पार्टनर हो सकता है या नहीं भी
  • अन्य लोगों के साथ कनेक्शन की अनुमति
  • ईमानदारी और बातचीत पर आधारित

दोनों मॉडल सही या गलत नहीं हैं – यह पूरी तरह व्यक्ति की पसंद और समझ पर निर्भर करता है.

ओपन रिलेशनशिप vs पॉलीअमोरी

अक्सर लोग ओपन रिलेशनशिप और पॉलीअमोरी को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में फर्क है: ओपन रिलेशनशिप में मुख्य रूप से फिजिकल या कैजुअल कनेक्शन की अनुमति होती है जबकि पॉलीअमोरी एक से ज्यादा लोगों के साथ गहरे, भावनात्मक और कमिटेड रिश्ते को कहा जाता है. यानी पॉलीअमोरी में “प्यार” केंद्र में होता है, जबकि ओपन रिलेशनशिप में “एक्सप्लोरेशन” ज्यादा अहम हो सकता है.

क्या ओपन रिलेशनशिप हर किसी के लिए सही है?

यह सवाल सबसे महत्वपूर्ण है. हर व्यक्ति के लिए यह मॉडल काम नहीं करता.

कब सही हो सकता है : जब दोनों पार्टनर पूरी तरह सहमत हों, जब कम्युनिकेशन मजबूत हो, जब ईमानदारी बनी रहे.
कब गलत साबित हो सकता है : जब रिश्ता पहले से कमजोर हो, जब एक पार्टनर दबाव में हो, जब जलन और असुरक्षा ज्यादा हो.

ओपन रिलेशनशिप के फायदे

  1. खुद को बेहतर समझने का मौका : आप यह जान पाते हैं कि आपको वास्तव में क्या चाहिए.
  2. सेक्सुअल सैटिस्फैक्शन : कुछ स्टडीज के मुताबिक, ओपन रिलेशनशिप में लोग अपनी जरूरतों को बेहतर तरीके से एक्सप्लोर कर पाते हैं.
  3. कम्युनिकेशन मजबूत होता है : हर चीज़ पर खुलकर बात करनी पड़ती है, जिससे रिश्ता गहरा हो सकता है.
  4. नए लोगों से मिलने का मौका : सोशल सर्कल बढ़ता है और नए अनुभव मिलते हैं.

ओपन रिलेशनशिप के नुकसान

  1. जलन और असुरक्षा : यह सबसे बड़ा खतरा है. हर कोई इसे संभाल नहीं पाता.
  2. समय और ऊर्जा की मांग : एक से ज्यादा रिश्तों को संभालना आसान नहीं होता.
  3. आर्थिक दबाव : डेटिंग और गिफ्ट्स खर्च बढ़ा सकते हैं.
  4. रिश्ते टूटने का खतरा : अगर बेस मजबूत नहीं है, तो यह मॉडल रिश्ते को खत्म भी कर सकता है.

क्या ओपन रिलेशनशिप रिश्ते बचा सकता है?

सीधा जवाब है – नहीं. अगर कोई रिश्ता पहले से ही कमजोर है, तो उसे ओपन करना उसे और ज्यादा जटिल बना सकता है. यह कोई “solution” नहीं, बल्कि एक “structure” है – जो तभी काम करता है जब नींव मजबूत हो.

परिवार और समाज: सबसे बड़ी चुनौती

भारत जैसे समाज में ओपन रिलेशनशिप अभी भी एक “टैबू” है. ऐसे में परिवार इसे समझ नहीं पाता, समाज जज करता है और लोग इसे गलत नजर से देखते हैं. लेकिन नई पीढ़ी इन सीमाओं को तोड़ने की कोशिश कर रही है. अगर आप ओपन रिलेशनशिप ट्राय करना चाहते हैं नीचे दी गई बातों का विशेष ख्‍याल रखें…

  • पहले खुद से ईमानदार रहें
  • पार्टनर से खुलकर बात करें
  • नियम तय करें
  • सीमाएं स्पष्ट रखें
  • जरूरत पड़े तो काउंसलिंग लें

अगर यह काम नहीं कर रहा तो क्या करें?

  • पार्टनर से बातचीत करें
  • अपनी भावनाओं को समझें
  • जरूरत हो तो ब्रेक लें
  • रिश्ता बंद करने में भी हिचकिचाएं नहीं

प्यार का कोई एक फॉर्मूला नहीं

शहाना गोस्वामी का बयान हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या प्यार को एक ही ढांचे में बांधना जरूरी है? या फिर हर व्यक्ति को अपने तरीके से इसे जीने की आजादी होनी चाहिए? सच्चाई यह है कि प्यार बदल रहा है, रिश्ते evolve हो रहे हैं और “एक सही तरीका” अब शायद नहीं रहा. तो चाहे आप मोनोगैमी चुनें या ओपन रिलेशनशिप – सबसे जरूरी है सम्मान, ईमानदारी और सहमति.