“जब पिता ने धोखा दिया…” – एक बेटी की कहानी, जिसने उसे प्यार और भरोसे का असली मतलब सिखाया

Father’s Infidelity Affects Children

रिश्तों की दुनिया बाहर से जितनी परफेक्ट दिखती है, अंदर से उतनी ही नाजुक भी हो सकती है. खासकर तब, जब एक बच्चा अपने ही घर में भरोसे को टूटते हुए देखता है. यह कहानी सिर्फ एक परिवार के बिखरने और फिर जुड़ने की नहीं है, बल्कि उस गहरे असर की है, जो बचपन में देखी गई बेवफाई किसी इंसान के पूरे जीवन और रिश्तों की समझ को बदल देती है.

The Independent में प्रकाशित इस पर्सनल नरेटिव में लेखिका ने बताया है कि कैसे अपने पिता की बेवफाई और उसके बाद की उथल-पुथल ने उनके भीतर प्यार, भरोसे और रिश्तों को लेकर एक अलग ही डर और असुरक्षा पैदा कर दी.

एक परफेक्ट परिवार… जो अचानक टूट गया

लेखिका के माता-पिता बचपन के प्यार थे. 14 साल की उम्र में मिले, 19 की उम्र में शादी कर ली – और फिर एक ऐसा जीवन शुरू हुआ, जो बाहर से किसी सपने जैसा लगता था. पिता एक सफल पावरलिफ्टर थे, जिनका करियर तेजी से ऊंचाइयों पर जा रहा था. घर में खुशहाली थी – अच्छा बिजनेस, बढ़ती कमाई, विदेश में छुट्टियों का घर, और एक मजबूत परिवार. बचपन में उन्हें लगता था कि उनके माता-पिता का रिश्ता “परफेक्ट” है. लेकिन सच्चाई कुछ और ही थी, जो धीरे-धीरे सामने आने वाली थी.

जब जिंदगी ने करवट ली

सब कुछ तब बदलना शुरू हुआ, जब उनके पिता ने ड्रग्स लेना शुरू किया. शुरुआत में यह सिर्फ एक “मदद” के तौर पर था – चोट से उबरने के लिए. लेकिन धीरे-धीरे
स्टेरॉयड, फिर एम्फेटामिन और आखिर में कोकीन. इन सबने उनके व्यक्तित्व को बदल दिया. काम, जिम और रात की जिंदगी के बीच उनका परिवार कहीं पीछे छूटता चला गया. और इसी दौरान उन्होंने एक अफेयर शुरू कर दिया.

एक दिन… और सब खत्म

फिर एक दिन ऐसा आया, जिसने पूरे परिवार की दुनिया हिला दी. पिता बिना कुछ कहे घर छोड़कर चले गए – एक चिट्ठी और कुछ पैसे छोड़कर. बाद में पता चला कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दूसरे देश चले गए हैं, और परिवार की जमा पूंजी का बड़ा हिस्सा भी साथ ले गए.

यह सिर्फ एक रिश्ता नहीं टूटा था, यह एक बच्चे के लिए “भरोसे” का टूटना था.

13 साल की उम्र… और डर से भरी सोच

जब लेखिका को अपने पिता के अफेयर के बारे में पता चला, तब वह सिर्फ 13 साल की थीं. उन्होंने अपने पिता को रोकने की हर कोशिश की. यहां तक कि उन्होंने उन्हें यह भी कहा कि अगर वह चले गए, तो वह उनकी ग्रेजुएशन में नहीं आएंगे, उनकी शादी में नहीं होंगे और अपने पोते-पोतियों को नहीं देख पाएंगे. यह एक बच्चे की आखिरी कोशिश थी किसी भी तरह अपने परिवार को टूटने से बचाने की. लेकिन वह नहीं समझ पाईं कि कुछ वादे ऐसे होते हैं, जो निभाए नहीं जा सकते.

बार-बार टूटता और जुड़ता रिश्ता

अगले तीन सालों तक यही सिलसिला चलता रहा. पिता आते… फिर चले जाते… फिर वापस आते. मां हर बार उन्हें वापस स्वीकार कर लेतीं, यह कहते हुए कि “यह वो आदमी नहीं है जिससे मैंने शादी की थी… यह ड्रग्स का असर है.” लेकिन एक बच्चे के लिए यह समझना आसान नहीं होता.

एक मोड़… जहां सब बदल गया

फिर एक समय ऐसा आया, जब उनके पिता ने ड्रग्स छोड़ दिए. यह कोई आसान या अचानक हुआ बदलाव नहीं था, बल्कि एक लंबी और कठिन प्रक्रिया थी. धीरे-धीरे
परिवार ने खुद को संभाला, रिश्ते को फिर से जोड़ने की कोशिश की और अंत में उनके माता-पिता ने अपने रिश्ते को एक नई शुरुआत दी. एक तरह से यह “दूसरी शादी” थी, उसी इंसान के साथ, लेकिन नए भरोसे के साथ.

बाहर से सब ठीक… लेकिन अंदर कुछ टूटा रह गया

सालों बाद, जब लेखिका की खुद की शादी हुई, तो सब कुछ सामान्य लग रहा था. पिता ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें मंडप तक पहुंचाया, और एक भावुक भाषण दिया.
ऐसा लग रहा था कि पुरानी बातें पीछे छूट चुकी हैं. लेकिन असली असर अभी बाकी था.

बचपन के जख्म… जो दिखते नहीं

लेखिका बताती हैं कि उन्होंने अपने पिता को माफ तो कर दिया था, लेकिन उनके अंदर एक डर बैठ गया था. वह खुद किसी के प्रति पूरी तरह वफादार नहीं रह पाती थीं
और सबसे बड़ी बात – उन्हें अपने पति पर भी भरोसा नहीं हो पाता था. उन्हें लगता था कि “अगर मेरे माता-पिता का रिश्ता टूट सकता है, तो कोई भी रिश्ता सुरक्षित नहीं है.”

“अगर तुम धोखा दोगे… तो हम संभाल लेंगे”, यह सोच इतनी गहरी थी कि उन्होंने अपने पति से कहा, “अगर तुम कभी धोखा दोगे, तो भी हम इसे संभाल लेंगे.” यह सुनने में समझदारी लग सकती है, लेकिन असल में यह एक डर की अभिव्यक्ति थी.

असुरक्षा का चरम

जब उनके पति काम के लिए दूसरे शहर जाने लगे, तो उनकी असुरक्षा और बढ़ गई. और जब उनका पहला बच्चा पैदा हुआ, तो यह डर पूरी तरह बाहर आ गया. उन्होंने अपने पति से यह तक कह दिया कि “एक दिन तुम हमें छोड़ दोगे.” उनके पति ने शांत होकर पूछा, “तुम ऐसा क्यों सोचती हो?” और फिर सलाह दी कि “हमें किसी से बात करनी चाहिए, इससे पहले कि यह समस्या बन जाए.”

थेरेपी और सच्चाई का सामना

करीब 15 साल बाद उन्होंने थेरेपी शुरू की. तब उन्हें समझ आया कि उनके बचपन का अनुभव उनके हर रिश्ते को प्रभावित कर रहा था. रिसर्च भी यही कहती है कि जिन बच्चों ने माता-पिता की बेवफाई देखी होती है, उनके खुद भी वैसा करने की संभावना ज्यादा होती है और 70% लोगों को भरोसा करने में दिक्कत होती है. यानी यह सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि एक आम सच्चाई है.

माफी… लेकिन आसान नहीं

लोग अक्सर पूछते हैं – “आपने माफ कैसे किया?” इसका कोई आसान जवाब नहीं है. इसमें समय लगता है, बातचीत लगती है और सबसे ज्यादा – willingness लगती है. यह एक दिन में नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे होता है.

इस कहानी से क्‍या सीख मिलती है?

यह कहानी हमें सिखाती है कि रिश्ते टूट सकते हैं, लेकिन जुड़ भी सकते हैं. माफी संभव है, लेकिन आसान नहीं. और सबसे जरूरी – बचपन के अनुभव हमारे पूरे जीवन को प्रभावित करते हैं. लेखिका कहती हैं कि उन्हें खुशी है कि उनका परिवार आखिरकार ठीक हो गया और अब वह अपने बच्चों के लिए एक ऐसा भविष्य बनाना चाहती हैं, जिसमें भरोसा टूटे नहीं.

बच्चों के सामने होने वाली घटनाएं उन्हें जिंदगीभर प्रभावित करती हैं. भरोसा एक बार टूटे, तो उसे वापस बनाना मुश्किल होता है. और सबसे जरूरी – प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि भरोसा निभाने का नाम है.