क्या सच में महिलाओं को पुरुषों से ज्यादा नींद चाहिए? साइंस ने खोल दिया सबसे बड़ा ‘Sleep Myth’

Women vs Men Sleep Difference

आज के दौर में सोशल मीडिया पर एक बात बार-बार सुनने को मिलती है – “महिलाओं को पुरुषों से 1-2 घंटे ज्यादा नींद चाहिए.” लेकिन क्या यह सच है या सिर्फ एक वायरल मिथ? असल जवाब उतना सीधा नहीं है, जितना दिखता है.

The Conversation की रिपोर्ट के मुताबिक, नींद का सवाल सिर्फ घंटों का नहीं है, बल्कि इसके पीछे बायोलॉजी, मानसिक स्थिति और सामाजिक जिम्मेदारियों का पूरा जाल जुड़ा होता है.

रिसर्च क्या कहती है? सच जानकर चौंक जाएंगे

वैज्ञानिकों ने नींद को मापने के लिए दो तरीके अपनाए – लोगों से पूछना कि वे कितनी नींद लेते हैं और मशीनों से असली नींद ट्रैक करना. जब असली डेटा सामने आया, तो तस्वीर कुछ और ही निकली. महिलाएं औसतन पुरुषों से सिर्फ 20–25 मिनट ज्यादा सोती हैं. कुछ स्टडीज़ में यह फर्क 19 मिनट तक पाया गया. महिलाओं की डीप स्लीप (गहरी नींद) भी ज्यादा होती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर महिला को ज्यादा नींद चाहिए. जैसे हर इंसान की हाइट अलग होती है, वैसे ही नींद की जरूरत भी अलग-अलग होती है.

फिर भी महिलाएं ज्यादा थकी हुई क्यों महसूस करती हैं?

यहां कहानी दिलचस्प हो जाती है. रिसर्च बताती है कि महिलाओं को इंसोम्निया (नींद की समस्या) का खतरा 40% ज्यादा होता है. वे ज्यादा थकान और खराब नींद की शिकायत करती हैं. मतलब नींद ज्यादा लेने के बावजूद रिफ्रेश फील नहीं होता.

बायोलॉजी का खेल: शरीर कैसे बदलता है नींद

महिलाओं की नींद पर हार्मोन का सीधा असर पड़ता है. पीरियड्स से पहले एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन कम होते हैं और नींद खराब हो जाती है. वहीं प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के बाद शरीर और दिमाग दोनों पर भारी दबाव होता है जिसकी वजह से नींद टूट-टूटकर आती है. पेरिमेनोपॉज (40+ उम्र) के समय भी रात में बार-बार नींद खुलने और खासकर 3 बजे उठने की समस्या होती है.

मेंटल हेल्थ: सबसे बड़ा hidden factor

महिलाओं में Anxiety (घबराहट), Depression (डिप्रेशन) और Overthinking जैसी समस्याएं ज्यादा देखी जाती हैं. ये तीनों चीजें सीधे नींद पर असर डालती हैं. एक खास बात यह भी है कि महिलाएं ज्यादा “rumination” यानी बार-बार सोचने की आदत से जूझती हैं, जिससे दिमाग बंद ही नहीं होता.

समाज का दबाव: असली वजह यहीं छुपी है

नींद सिर्फ शरीर की नहीं, जिंदगी की भी कहानी है. रिपोर्ट के मुताबिक महिलाएं हर हफ्ते पुरुषों से 9 घंटे ज्यादा unpaid काम करती हैं. बच्चों की जिम्मेदारी, घर का काम, emotional support – सब उन पर ज्यादा होता है. नतीजा, दिन में आराम नहीं मिल पाता और पूरी रिकवरी का बोझ सिर्फ रात की नींद पर आ जाता है. नींद और थकान अलग चीजें हैं. बहुत लोग सोचते हैं कि थकान नींद की कमी की वजह से होती है, लेकिन ऐसा नहीं है. थकान के पीछे आयरन की कमी (जो महिलाओं में ज्यादा होती है), थायरॉइड समस्या और मानसिक तनाव जैसे कारण हो सकते हैं. मतलब आप 7-8 घंटे सोकर भी थके रह सकते हैं.

रियल लाइफ बनाम लैब: फर्क क्यों?

लैब में महिलाओं की नींद बेहतर दिखती है लेकिन असल जिंदगी में जिम्मेदारियां, तनाव और हार्मोन कुछ और ही अनुभव देते हैं. यही Sleep Paradox है जहां डेटा और अनुभव अलग-अलग कहानी बताते हैं.

तो क्या महिलाओं को ज्यादा नींद चाहिए?

औसतन – हां, थोड़ा ज्यादा (लगभग 20 मिनट). लेकिन हर महिला को ज्यादा नींद चाहिए, यह बात गलत है. असली जरूरत है बेहतर नींद की क्वालिटी, दिन में आराम और मानसिक शांति की. नींद सिर्फ “कितने घंटे सोए” का खेल नहीं है. यह एक कॉम्बिनेशन है शरीर, दिमाग और जिंदगी की जिम्मेदारियों का. अगर कोई महिला ज्यादा थकी हुई महसूस करती है, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसे सिर्फ ज्यादा सोना चाहिए – बल्कि उसे बेहतर support system की जरूरत है.