डिजिटल दुनिया में बदलती ‘इंटीमेसी’: ‘गूनिंग’ ट्रेंड क्या है और यह रिश्तों के बारे में क्या बताता है?

What is the ‘Gooning’ Trend

डिजिटल दौर में रिश्तों और नजदीकियों की परिभाषा तेजी से बदल रही है. हाल के समय में एक नया शब्द चर्चा में आया है – “गूनिंग” – जो यह दिखाता है कि स्क्रीन के पीछे लोग किस तरह अपनी निजी दुनिया बना रहे हैं और उससे क्या सीख मिलती है.

अमेरिका के टेम्पल यूनिवर्सिटी में पढ़ाए जा रहे एक कोर्स के दौरान यह ट्रेंड चर्चा में आया, जहां छात्रों के बीच डिजिटल पोर्नोग्राफी और उससे जुड़ी समझ पर बात की जाती है. इस विषय पर The Conversation की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि युवा आज सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि सीखने के लिए भी ऑनलाइन कंटेंट की ओर रुख कर रहे हैं.

क्या है ‘गूनिंग’?

“गूनिंग” को आसान भाषा में समझें तो यह एक ऐसा व्यवहार है जिसमें व्यक्ति लंबे समय तक उत्तेजना की स्थिति बनाए रखने की कोशिश करता है, बिना तुरंत किसी निष्कर्ष तक पहुंचे. इसमें फोकस अनुभव को लंबा खींचने पर होता है, न कि उसे जल्दी खत्म करने पर.

यह अवधारणा पूरी तरह नई नहीं है. पहले से मौजूद कुछ तकनीकों – जैसे ‘एजिंग’ (यानी किसी अनुभव को जानबूझकर देर तक बनाए रखना) – से यह जुड़ी हुई है. फर्क सिर्फ इतना है कि अब यह पूरी तरह डिजिटल माहौल में, कई स्क्रीन और ऑनलाइन कंटेंट के साथ जुड़ गया है.

डिजिटल दुनिया और ‘ओवर स्टिमुलेशन’

रिपोर्ट के अनुसार, आज के समय में एल्गोरिद्म-आधारित कंटेंट लगातार यूजर्स का ध्यान खींचने के लिए डिजाइन किया जाता है. ऐसे में कई लोग एक साथ कई तरह के विजुअल कंटेंट देखते रहते हैं, जिससे उनका दिमाग लगातार उत्तेजित स्थिति में रहता है. यह स्थिति पहले के दौर से बिल्कुल अलग है, जब कंटेंट सीमित होता था. अब इंटरनेट ने हर चीज को तुरंत उपलब्ध और लगातार बदलने वाला बना दिया है.

सिर्फ व्यवहार नहीं, एक ‘डिजिटल कम्युनिटी’

‘गूनिंग’ सिर्फ एक व्यक्तिगत व्यवहार नहीं रह गया है. यह एक तरह की ऑनलाइन कम्युनिटी का रूप ले चुका है, जहां लोग समान अनुभव साझा करते हैं. कुछ लोगों के लिए यह जिज्ञासा या प्रयोग का तरीका है तो कुछ के लिए अकेलेपन या तनाव से निपटने का माध्यम. वहीं कुछ इसे एक ऐसी जगह मानते हैं, जहां उन्हें बिना जजमेंट के अपनी पहचान मिलती है.

रिश्तों से बचाव या आसान विकल्प?

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि डिजिटल दुनिया में इस तरह के ट्रेंड इसलिए बढ़ रहे हैं क्योंकि असल रिश्ते कई बार जटिल होते हैं. रिश्तों में समय और भावनात्मक निवेश चाहिए. इसके अलावा रिजेक्‍ट होने का डर होता है और कुछ अनचाहे हालात भी बन सकते हैं. इसके उलट, डिजिटल दुनिया में सब कुछ कंट्रोल में होता है, कोई ‘ना’ नहीं कहता और जो भी एक्‍सपीरियंस होता है वो तुरंत फील होता है. यही वजह है कि कुछ लोग इस तरह के विकल्पों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं.

बड़ी तस्वीर: बदलती इंटीमेसी

यह ट्रेंड सिर्फ एक व्यवहार नहीं, बल्कि एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है. आज डेटिंग ऐप्स ने रिश्तों को ‘स्वाइप’ तक सीमित कर दिया है, सोशल मीडिया पर लोग अपनी चुनी हुई छवि दिखाते हैं और युवाओं में आमने-सामने मिलने और समय बिताने की प्रवृत्ति कम हो रही है. ऐसे में ‘गूनिंग’ जैसे ट्रेंड यह बताते हैं कि लोग बिना जोखिम, बिना असहजता और बिना भावनात्मक दबाव के नजदीकी अनुभव करना चाहते हैं.

क्या सीख मिलती है?

इस पूरी कहानी से कुछ अहम बातें निकलती हैं, जैसे डिजिटल कंटेंट सिर्फ मनोरंजन नहीं, व्यवहार को भी प्रभावित कर रहा है. वहीं आसान और नियंत्रित विकल्प लोगों को असली रिश्तों से दूर कर सकते हैं. ऐसे में मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखना जरूरी है और स्क्रीन से बाहर की दुनिया और रिश्ते भी उतने ही अहम हैं.

“गूनिंग” जैसे ट्रेंड भले ही नए लगें, लेकिन ये समाज में हो रहे गहरे बदलावों का संकेत हैं. यह दिखाता है कि डिजिटल युग में लोग किस तरह नजदीकी, जुड़ाव और अनुभव को नए तरीके से परिभाषित कर रहे हैं – जहां सुविधा तो है, लेकिन शायद वास्तविकता की कमी भी.

Scroll to Top