उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक प्रेम कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने फिल्मी स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ दिया. यहां एक युवती ने अपने प्रेमी की तय शादी को आखिरी वक्त पर रोक दिया – वो भी सीधे थाने पहुंचकर. और फिर वही रिश्ता, जो टूटने की कगार पर था, पुलिस की मौजूदगी में शादी में बदल गया.
बिनावर थाना क्षेत्र का यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल, एक युवक और युवती के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध था. दोनों की मुलाकात कॉलेज में हुई थी और समय के साथ यह रिश्ता गहरा होता गया. परिवारों को इस रिश्ते की भनक भी थी, लेकिन इसके बावजूद युवक के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी.
देर रात थाने पहुंची प्रेमिका
हैरानी की बात यह रही कि शादी की तैयारियां भी शुरू हो गईं और सगाई की रस्म तक पूरी कर ली गई. इसी बीच किसी तरह प्रेमिका को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली. देर रात वह सीधे थाने पहुंची और पुलिस के सामने अपनी प्रेम कहानी और धोखे की पूरी दास्तान रख दी.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की. जब दोनों के रिश्ते की पुष्टि हुई, तो प्रेमी पक्ष को भी थाने बुलाया गया. यहां माहौल अचानक बदल गया – पहले जहां शादी की जिद थी, वहीं अब परिवार ने युवती से माफी मांगी और अपने बेटे की शादी उसी से कराने पर सहमति जता दी.
दोनों परिवार भी मान गए
कुछ ही घंटों में पूरा सीन पलट गया. जो शादी टूटने वाली थी, वह नई शुरुआत में बदल गई. दोनों परिवारों की सहमति के बाद युवक और युवती को मंदिर ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ उनका विवाह संपन्न कराया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामला पूरी तरह आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है और अब किसी तरह का विवाद नहीं है. लेकिन इस घटना ने यह जरूर दिखा दिया कि जब प्यार अडिग हो, तो वह थाने के दरवाजे से भी अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है.