उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्यार की कहानी उस वक्त अपराध की स्क्रिप्ट में बदल गई, जब एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से किया वादा पूरा करने के लिए चोरी का रास्ता चुन लिया. मनाली ट्रिप का सपना इतना महंगा पड़ा कि उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों की वारदात को अंजाम दे दिया.
मामला गुजैनी इलाके का है, जहां पुलिस ने एक संगठित गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. पुलिस के मुताबिक, इस गैंग ने एक मार्केटिंग मैनेजर के सूने घर में घुसकर करीब 15 लाख रुपये की नकदी और जेवरात उड़ा लिए थे.
गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने का किया था वादा
पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह चौंकाने वाली है. मुख्य आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने का वादा किया था. इस वादे को निभाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची. वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मनाली रवाना भी हो गया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक, सोने-चांदी के आभूषण, घड़ी, पायल, चांदी के सिक्के, 20 हजार रुपये नकद के अलावा विदेशी करेंसी – 81 अमेरिकी डॉलर और 15 यूएई दिरहम – भी बरामद किए हैं.
CCTV फुटेज मिटाने का भी किया था जुगाड़
जांच में पता चला कि जिस घर को निशाना बनाया गया, उसके मालिक अपने माता-पिता के इलाज के चलते शहर से बाहर थे. घर में ताला लगा था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने ताले तोड़े और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया. यहां तक कि सीसीटीवी फुटेज मिटाने के लिए डीवीआर भी साथ ले गए. हालांकि, पुलिस ने करीब 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर ली. रविवार रात चेकिंग के दौरान जब दो बाइकों पर सवार संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया.
पुराने अपराधी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. इनमें से कई पहले भी चोरी और अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है. इस पूरे मामले ने एक बार फिर दिखा दिया कि जब इश्क जुनून में बदलता है, तो वह सही-गलत की सीमाएं भी तोड़ देता है.