OnlyFans हाउस का मास्टरमाइंड 21 साल का! पार्टी के पर्दे में चलता था ‘ह्यूमन ट्रैफिकिंग गेम’

OnlyFans House Case

अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के Bellevue शहर में सामने आए ‘OnlyFans हाउस’ मामले ने अब और बड़ा मोड़ ले लिया है. इस पूरे नेटवर्क को चलाने के आरोप में सिर्फ 21 साल के युवक को गिरफ्तार कर चार गंभीर मामलों में चार्ज किया गया है. बाहर से यह घर एक हाई-प्रोफाइल पार्टी स्पॉट जैसा दिखता था, लेकिन अंदर क्या चल रहा था, इसका खुलासा होते ही पुलिस और लोगों दोनों के होश उड़ गए.

इस पूरे मामले से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे अलग-अलग reports और कोर्ट डॉक्यूमेंट्स के जरिए सामने आए हैं, जिनमें पीड़ित महिलाओं के बयान और पुलिस जांच के कई अहम पहलू शामिल हैं.

कौन है आरोपी और क्या-क्या लगे आरोप?

इस केस में गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकिता ट्यूकालो के रूप में हुई है, जिसकी उम्र महज 21 साल है. उस पर सेकेंड-डिग्री ह्यूमन ट्रैफिकिंग के चार केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें एक घरेलू हिंसा से जुड़ा है. इसके अलावा मनी लॉन्ड्रिंग और संगठित अपराध चलाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं. किंग काउंटी प्रॉसिक्यूटिंग अटॉर्नी ऑफिस के मुताबिक, यह कोई साधारण केस नहीं बल्कि एक पूरा नेटवर्क था, जिसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं.

‘OnlyFans House’ कैसे बना शक के घेरे में?

Bellevue के Lakemont इलाके में स्थित यह रेंटल हाउस सोशल मीडिया पर “OnlyFans House” के नाम से चर्चित था. यहां अक्सर बड़ी-बड़ी पार्टियां होती थीं, जिन्हें ऑनलाइन प्रमोट किया जाता था. पुलिस को इस घर के खिलाफ पिछले साल से लगातार शिकायतें मिल रही थीं – और ये संख्या 100 से भी ज्यादा थी. पड़ोसियों ने शोर-शराबा, संदिग्ध गतिविधियों और देर रात तक चलने वाली पार्टियों को लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई थी.

पार्टियों में क्या हो रहा था?

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस घर में होने वाले इवेंट्स में 300 से ज्यादा लोग शामिल होते थे – जिनमें कई नाबालिग भी होते थे. इन पार्टियों के दौरान मारपीट, शराब पीकर गाड़ी चलाने (DUI), हथियारों की शिकायत और अंडरएज ड्रिंकिंग जैसी घटनाएं सामने आईं. यानी यह सिर्फ पार्टी नहीं थी, बल्कि एक ऐसा माहौल बन चुका था जहां कानून की धज्जियां उड़ रही थीं.

महिलाओं के साथ क्या हुआ?

जांच में सबसे गंभीर आरोप महिलाओं के शोषण से जुड़े हैं. कोर्ट डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, कई युवतियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें OnlyFans और Chaturbate जैसे प्लेटफॉर्म्स के लिए कंटेंट बनाने को मजबूर किया जाता था. कुछ महिलाओं ने यह भी दावा किया कि आरोपी उन्हें बड़े पैसे कमाने का लालच देकर अपने “एजेंसी मॉडल” में शामिल करता था. लेकिन बाद में उनकी कमाई खुद ही रख लेता था और उन्हें आर्थिक रूप से पूरी तरह कंट्रोल करता था.

10-12 घंटे काम, विरोध पर हिंसा

पीड़ितों के बयान के अनुसार, उन्हें रोजाना 10 से 12 घंटे तक काम करने के लिए मजबूर किया जाता था. अगर कोई विरोध करता, तो उसके साथ शारीरिक हिंसा की जाती थी. एक बेहद चौंकाने वाला आरोप यह भी है कि आरोपी ने एक लड़की को सजा देने के लिए उसे कमरे में कुत्ते की तरह रेंगने पर मजबूर किया और उस पर बंदूक तान दी – सिर्फ इसलिए क्योंकि उसने दूसरे लड़कों से बात की थी.

नाबालिगों तक पहुंचा नेटवर्क?

इस केस का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि एक पीड़िता ने बताया कि जब आरोपी ने उससे संपर्क किया, तब उसकी उम्र सिर्फ 17 साल थी. यानी यह मामला सिर्फ एडल्ट एक्सप्लॉइटेशन तक सीमित नहीं, बल्कि नाबालिगों तक पहुंच चुका था. यह बात जांच एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चिंता बन गई है.

5 मिलियन डॉलर की जमानत: केस कितना बड़ा?

कोर्ट ने आरोपी के लिए 5 मिलियन डॉलर (करीब 40 करोड़ रुपये) की जमानत तय की है – जो इस केस की गंभीरता को साफ दर्शाता है. फिलहाल आरोपी हिरासत में है और उसकी अगली पेशी तय की गई है. जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के बाकी कनेक्शन और संभावित सहयोगियों की तलाश कर रही हैं.